Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / सीकर जिले में 1244 करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट होगा

सीकर जिले में 1244 करोड़ रूपये का इन्वेस्टमेंट होगा

इन्वेस्टर मीट के लिए 81 एमओयू पर सहमति बनी, प्रिंस एजु हब 500 करोड़ रूपये से मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल बनाएगा

जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने पत्रकार वार्ता में दी जानकारी

सीकर, राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट-2024 के तहत सीकर में जिला स्तरीय इन्वेस्टर मीट का आयोजन 23 अक्टूबर को होटल पार्क एवेन्यू रिसोर्ट में होगा। इन्वेस्टर मीट में 1244 करोड़ रुपए के इन्वेस्टमेंट होने की संभावना है। जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया की जिला एडमिनिस्ट्रेशन व इन्वेस्टर्स के साथ अब तक 81 एमओयू पर सहमति बनी है। जिससे सीकर जिले में 1244 करोड रुपए का इन्वेस्टमेंट संभावित है। इस इन्वेस्टमेंट से 2475 लोगों को रोजगार भी मिलेगा। इनमें 18 सर्विस सेक्टर के एमओयू हैं, जिनसे 957.54 करोड़ का इन्वेस्टमेंट संभावित है। उन्होंने बताया कि सर्विस सेक्टर में मुख्य निवेश शिक्षा, चिकित्सा एवं पर्यटन इकाइयों का होगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर में 63 एमओयू होने की संभावना है जिनमें 286.06 करोड रुपए का निवेश संभावित है। इसमें 842 लोगों का रोजगार भी प्रस्तावित है। इसमें सोलर, पॉवर केबल, एग्रो प्रोसेसिंग यूनिट, डेयरी प्रोडक्ट, खनिज व अन्य सेक्टर के लिए काम होंगे। इसके साथ ही यूआईटी के साथ 12 एमओयू किए गए हैं, जिनमें 975 करोड रुपए का निवेश संभावित है।

जिला कलेक्टर शर्मा ने बताया कि प्रिंस एजु हब ने सीकर में अस्पताल व मेडिकल कॉलेज के लिए 500 करोड रुपए का इन्वेस्टमेंट किया है। वहीं स्थानीय भारतीय ग्रुप द्वारा सैनिक स्कूल के लिए सवा सौ करोड रुपए का इन्वेस्ट किया जाना प्रस्तावित है। जिला कलेक्टर ने बताया कि निवेश के इच्छुक निवेशक एमओयू लिए जिला उद्योग केन्द्र विभाग को ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा निरंतर निवेशकों से संपर्क किया जा रहा है ताकि जिले में अधिक से अधिक निवेश हो और रोजगार की भी संभावना बढ़े।

जिला कलेक्टर शर्मा ने बताया कि इन्वेस्टर मीट में जिले में निवेश संबंधी एमओयू को दिखाने के लिए प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जिसमें हस्तशिल्प फर्नीचर, सहित शेखावाटी में निर्मित अनेक प्रोडक्ट्स प्रर्दशित किये जाएंगे ताकि इन्वेस्टर प्रोडक्ट्स से प्रेरित हो सके एवं इससे प्रोत्साहित होकर इनवेस्टमेंट के लिए आगे आएं। इन्वेस्टर मीट के दौरान राज्य स्तरीय निवेश की संभावना एवं सीकर जिले की भौगोलिक सांस्कृतिक एवं औद्योगिक परिदृश्य का चित्रण करते हुए डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई जाएगी।

प्रेसवार्ता में प्रशिक्षु आईएएस कृष्णा सांई, जिला उद्योग केन्द्र महा​प्रबंधक विकास सिहाग, क्षेत्रीय प्रबंधक ​रीको अनिल खण्डेलवाल, निजी सहायक धर्मेन्द्र दाधीच, सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरण मल, एपीआरओ राकेश कुमार ढाका स​हित प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक मीडिया कर्मी उपस्थित रहें।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City
Ravindra School Jhunjhunu City
Prince School, Islampur