अजीतगढ़,विमल इंदौरिया। जयपुर के प्रताप नगर निवासी मनीष गर्ग की पुत्री वंशिका गर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले को लेकर अग्रवाल समाज संस्था अजीतगढ़ में गहरा रोष देखने को मिला। समाज के प्रतिनिधियों ने सोमवार को नायब तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग की।
समाज ने दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई।
समाज में आक्रोश, न्याय की मांग तेज
ज्ञापन में कहा गया कि इस घटना ने न केवल अग्रवाल समाज बल्कि आमजन को भी झकझोर दिया है। समाज के लोगों ने इसे अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए मामले की गहराई से जांच कराने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
ज्ञापन में रखी गईं प्रमुख मांगें
अग्रवाल समाज ने ज्ञापन के माध्यम से कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं, जिनमें शामिल हैं
- नामजद एवं संदिग्ध व्यक्तियों की शीघ्र गिरफ्तारी
- वरिष्ठ अधिकारी की निगरानी में निष्पक्ष जांच
- आवश्यकता होने पर स्वतंत्र मेडिकल बोर्ड से पुनः परीक्षण
- सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और लोकेशन डेटा सहित तकनीकी साक्ष्यों को सुरक्षित रखना
- एफएसएल रिपोर्ट शीघ्र प्राप्त कर जांच में शामिल करना
- पीड़ित परिवार को जांच की प्रगति की जानकारी देना
- परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करना
- दोषियों को किसी भी प्रकार का राजनीतिक या सामाजिक संरक्षण नहीं देना
आंदोलन की चेतावनी
समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यदि मामले में समयबद्ध और संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक समाज अपनी आवाज उठाता रहेगा।
बड़ी संख्या में समाजजन रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान अग्रवाल समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश मित्तल, कोषाध्यक्ष विष्णु चौधरी, सुनील दिखनी, विश्वनाथ दिखनी, भवानी शंकर नौसादर, शंकर नागोलिया सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
“बेटी को न्याय दिलाना हमारा दायित्व”
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि वंशिका आज भले ही हमारे बीच नहीं है, लेकिन उसे न्याय दिलाना समाज का नैतिक और सामाजिक दायित्व है।
उन्होंने प्रशासन से मामले में पारदर्शी और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा जताई।





