राजस्थान दिवस पर सीकर में युवाओं ने लगाई ‘विकसित राजस्थान रन’
सीकर, राजस्थान दिवस समारोह के तहत जिला मुख्यालय पर जिला स्तरीय ‘विकसित राजस्थान रन’ का आयोजन किया गया।
इस रन में अधिकारी, विद्यार्थी, युवा और आमजन ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वस्थ जीवन और विकसित राजस्थान का संदेश दिया।
जिला कलक्टर ने दिखाई हरी झंडी
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलक्टर मुकुल शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर की।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी रन
यह रन कलेक्ट्रेट परिसर से शुरू होकर कल्याण सर्किल, सिल्वर जुबली रोड सहित शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर समाप्त हुई।
दौड़ के दौरान युवाओं और विद्यार्थियों ने “विकसित राजस्थान–स्वस्थ राजस्थान” के नारे लगाकर स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।
कच्ची घोड़ी नृत्य रहा आकर्षण
कार्यक्रम के दौरान दांता के श्रीराम कुमावत एंड पार्टी के कलाकारों ने कच्ची घोड़ी नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
युवाओं को खेल और व्यायाम के लिए प्रेरित किया
इस मौके पर जिला कलक्टर मुकुल शर्मा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रदेश के विकास, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे खेलकूद और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, जिससे स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।
बड़ी संख्या में अधिकारी और खिलाड़ी रहे मौजूद
कार्यक्रम में सीईओ जिला परिषद राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, सहायक निदेशक जनसम्पर्क पूरण मल, सहायक निदेशक इंदिरा शर्मा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी मुकेश जैमन, जिला साक्षरता अधिकारी चन्द्र प्रकाश महर्षि, जिला खेल अधिकारी प्रकाश गोदारा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा राजस्थान पुलिस, स्काउट, नवजीवन और एलबीएस शिक्षण संस्थान के विद्यार्थी, राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
