Hindi News / Sikar News (सीकर समाचार) / मतदाताओं को क्यूआर कोड’ वाली वोटर स्लिप वितरित

मतदाताओं को क्यूआर कोड’ वाली वोटर स्लिप वितरित

फोटो की जगह ‘क्यूआर कोड’ वाली वोटर स्लिप मिली, अब स्कैन करते ही मिलेगी ‘मतदान केन्द्र’ की जानकारी

सीकर, जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ स्वामी ने बताया कि जिले में 25 नवंबर को होने वाले चुनाव में मतदाताओं को फोटो युक्त पर्ची की जगह क्यूआर कोड वाली वोटर स्लिप वितरित की जा रही है जिसको स्कैन करते ही उनकी जानकारी के साथ ही विधानसभा क्षेत्र और मतदान केन्द्र की जानकारी मिल जाएगी। जिससे मतदाताओं को मतदान केन्द्र खोजने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। निर्वाचन विभाग का 80 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग व 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगों की होम वोटिंग की सुविधा के बाद क्यूआर कोड वाली वोटर स्लिप पहली बार दी जा रही है। निर्वाचन विभाग की ओर से जिले के प्रत्येक परिवार को पॉकेट गाइड भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया की बीएलओ घर-घर जाकर बांटने के साथ ही पर्ची सही वोटर्स को मिल रही है या नहीं का सत्यापन भी करेगा। स्लिप पर मतदाता का नाम, फोटो की जगह क्यूआर कोड, हेल्पलाइन नंबर, मतदान केन्द्र की जानकारी, सूची में नाम कौन से नंबर पर है, आदि की जानकारी अंकित रहेगी। पर्ची के साथ 12 तरह के दस्तावेजों में आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, मनरेगा जॉब कार्ड, पासपोर्ट सहित 12 तरह के दस्तावेजों में से एक ले जाना अनिवार्य है। क्यूआर कोड वाली पर्ची जारी करने का मकसद चुनाव में पारदर्शिता और मतदाताओं को घर बैठे मतदान के लिए जानकारी देना है । जिला निर्वाचन अधिकारी सौरभ स्वामी ने बताया कि जिले में कुल मतदाता – बाईस लाख 15 हजार 797 है जिसमें पुरुष 11 लाख 66 हजार 395,महिला 10 लाख 49 हजार 103, ट्रांसजेंडर 20 तथा 2068 मतदान केन्द्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे |