Hindi News / Sports News(स्पोर्ट्स समाचार) / Rajasthan Liquor Shops : राजस्थान के इस जिले में 19 मार्च से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगे शराब के ठेके, जानिए कारण

,

Rajasthan Liquor Shops : राजस्थान के इस जिले में 19 मार्च से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगे शराब के ठेके, जानिए कारण

Rajasthan Liquor Shops Closed: राजस्थान के इस जिले में 19 मार्च से अनिश्चितकाल के लिए बंद रहेंगे शराब के ठेके, जानिए कारण

Jodhpur Liquor Shops Closed : जोधपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में शराब दुकानदारों और पुलिस के बीच विवाद गहराता जा रहा है। बढ़ते विवाद के बीच, शराब ठेकेदार संघ ने एक बड़ा निर्णय लिया है और 19 मार्च से अनिश्चित काल के लिए शराब की दुकानों को बंद करने की घोषणा की है। यूनियन ने पुलिस पर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करने और कारोबार में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया है। दुकानदारों ने गुरुवार की सुबह कलेक्टर कार्यालय पहुंचने और अपनी दुकानों की चाबियां जिला कलेक्टर को सौंपने का फैसला किया है।

यह निर्णय संघ के अध्यक्ष तेजाराम चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया। उन्होंने कहा, “वर्तमान स्थिति में दुकानें चलाना संभव नहीं है। विभागीय अधिकारियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है।

तेजाराम चौधरी के अनुसार, एक तरफ राज्य सरकार गारंटी के नाम पर राजस्व इकट्ठा करने का दबाव बना रही है, तो दूसरी तरफ पुलिस का रवैया दुकानदारों और ग्राहकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। इसका सीधा असर दुकानों की बिक्री पर पड़ा है और अधिकांश दुकानें घाटे में चल रही हैं।

पुलिस का ज्यादा हस्तक्षेप

दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस शराब की दुकानों के संचालन में अनावश्यक रूप से हस्तक्षेप कर रही है। ग्राहकों के वाहनों का चालान किया जा रहा है और कई मामलों में उन्हें शांति भंग करने के लिए पकड़ा और रोका भी जा रहा है। इससे ग्राहकों में भय का माहौल पैदा हो गया है और वे दुकानों पर आने से बच रहे हैं। इसके अलावा, पुलिस निर्धारित समय से पहले दुकानों के बाहर खड़ी हो जाती है, जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों ने पुलिस पर मनमाने ढंग से काम करने का भी आरोप लगाया है।

जोधपुर जिले में कुल 380 लाइसेंस दुकानें

आबकारी विभाग के अनुसार, जोधपुर जिले में कुल 380 लाइसेंस प्राप्त शराब की दुकानें हैं, जिनमें से 222 दुकानें आयुक्तालय क्षेत्र में चल रही हैं। इन दुकानों से सरकार को लगभग 1126 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। ऐसे में दुकानों के बंद होने से राजस्व पर भी बड़ा असर पड़ने की संभावना है।