NEET Exam Rajasthan Special Train : रेलवे 3 मई को होने वाली एनईईटी यूजी परीक्षा के लिए राजस्थान में एक विशेष ट्रेन चलाएगा। उम्मीदवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने जयपुर-अलवर और चुरू-जयपुर मार्गों पर अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है।
एनईईटी परीक्षा के मद्देनजर, उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक-एक ट्रिप की दो अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। यह छात्रों और उनके माता-पिता के लिए फायदेमंद होगा।
नीट के लिए राज्य के 27 जिलों में कुल 611 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
चूरू-जयपुर स्पेशल ट्रेन 3 मई को
ट्रेन नंबर 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन 3 मई को सुबह 6:10 बजे चूरू जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन सीकर होकर सुबह 11 बजे जयपुर पहुंचेगी। रूट में बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
जयपुर-अलवर स्पेशल ट्रेन शाम को रवाना होगी
ट्रेन नंबर 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 7:10 बजे जयपुर जंक्शन से रवाना होकर रात 10:55 बजे अलवर पहुंचेगी। यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशन पर रुकेगी।
दोनों ट्रेनों में 12-12 डिब्बे लगाए जाएंगे
रेलवे के अनुसार- दोनों स्पेशल ट्रेनों में 10 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे सहित कुल 12-12 कोच लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके।



