द रॉयल ट्रीट होटल में देर रात अंधाधुंध फायरिंग, 3 घायल
चूरू, बीदासर कस्बे में सोमवार देर रात करीब 12:30 बजे सनसनीखेज वारदात हुई।
तीन बदमाश सांडवा रोड स्थित Hotel The Royal Treat में घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
होटल मालिक की मौत, तीन घायल
फायरिंग में होटल मालिक मनीराम मंडा को गोली लगी। उन्हें गंभीर हालत में सुजानगढ़ के बगड़िया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में भीखाराम जाट, श्रवण जाट और प्रभुराम प्रजापत (निवासी दडीबा) घायल हुए हैं।
तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर कर दिया गया है।
शराब कारोबार से जुड़ी रंजिश की आशंका
एसपी जय यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीन अज्ञात हमलावरों ने होटल में घुसकर फायरिंग की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनीराम मंडा शराब और होटल कारोबार से जुड़े थे। आशंका जताई जा रही है कि हत्या शराब कारोबार से जुड़ी आपसी रंजिश का परिणाम हो सकती है।
घटनास्थल से खाली कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
होटल सील, भारी पुलिस जाप्ता तैनात
घटना की सूचना मिलते ही बीदासर पुलिस मौके पर पहुंची और होटल को सील कर दिया।
एफएसएल टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए हैं।
सुजानगढ़ के बगड़िया अस्पताल और बीदासर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
एक हमलावर की पहचान
एसपी जय यादव देर रात घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने बताया कि हमलावरों की पहचान के लिए पुलिस टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में रवाना की गई हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हमलावर की पहचान हो चुकी है।
इलाके में दहशत का माहौल
घटना के बाद बीदासर और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
शेखावाटी लाइव के लिए चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट
