चूरू जिले के बिदासर कस्बे में एक दर्दनाक हादसे में युवक की डिग्गी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद प्रशासन ने 74 वर्षीय रिटायर्ड नेवी गोताखोर चांद रतन गुलेरिया को मौके पर बुलाया, जिन्होंने डेढ़ घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव बाहर निकाला।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग और पुलिस प्रशासन मौजूद रहा।
दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बिदासर क्षेत्र की एक ढाणी में चार दोस्त पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान वहां बनी विशाल तिरपाल डिग्गी में ताराचंद उर्फ राजू गुसाईवाल (25) पानी में कूद गया।
काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दोस्तों और आसपास के लोगों ने उसे ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
प्रशासन ने बुलाया रिटायर्ड नेवी गोताखोर
घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन ने सुजानगढ़ निवासी रिटायर्ड नेवी गोताखोर चांद रतन गुलेरिया को मौके पर बुलाया।
उन्होंने ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से रात करीब 9:25 बजे सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव डिग्गी से बाहर निकाला गया।
दादा-पोते की जोड़ी ने संभाला मोर्चा
इस सर्च ऑपरेशन में चांद रतन गुलेरिया के साथ उनके 28 वर्षीय पोते हर्ष गुलेरिया ने भी सहयोग किया।
दादा-पोते की इस टीम ने कठिन परिस्थितियों में ऑपरेशन को सफल बनाया।
“अगर कोई डाइविंग सीखना चाहता है तो मैं सिखा सकता हूं।” चांद रतन गुलेरिया
नेवी और ONGC में दे चुके हैं सेवाएं
74 वर्षीय चांद रतन गुलेरिया ने बताया कि वे वर्ष 1977 में नेवी में एयर क्रू के रूप में शामिल हुए थे।
उन्होंने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से जुड़े वीआईपी साइट्स पर भी कार्य किया। इसके अलावा उन्होंने 14 साल तक ONGC में डाइविंग सुपरिटेंडेंट के रूप में सेवाएं दीं।
स्थानीय लोगों ने उनके साहस और अनुभव की सराहना की।
पुलिस जांच जारी
पुलिस प्रशासन ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना को लेकर जांच जारी है।
चूरू से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट






