महिला की शिकायत पर कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा कस्बे में एक कपड़ा शोरूम के चेंजिंग रूम से महिला का वीडियो बनाने के आरोप का गंभीर मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जांच जारी है और पुलिस इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
कपड़े ट्राई करने गई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील रोड स्थित एक रेडिमेड कपड़ा शोरूम में एक महिला अपने रिश्तेदार के साथ कपड़े खरीदने पहुंची थी।
कपड़े पसंद आने के बाद महिला को फिटिंग जांचने के लिए चेंजिंग रूम में भेजा गया। महिला का आरोप है कि कपड़े बदलते समय उसे चेंजिंग रूम में बने एक छेद के पीछे से मोबाइल फोन दिखाई दिया।
मोबाइल की घंटी बजने से हुआ शक
शिकायत के अनुसार उसी दौरान मोबाइल की घंटी बजने से महिला को संदेह हुआ कि उसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की जा रही है।
महिला ने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार महिला की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी शाहरुख पुत्र शेर मोहम्मद निवासी चिड़ावा को गिरफ्तार किया गया है।
शोरूम को किया गया सील
घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की। अधिकारियों ने बताया कि शोरूम को आगे की जांच के लिए सील कर दिया गया है।
मोबाइल की जांच जारी
पुलिस मामले में जब्त मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मोबाइल में क्या सामग्री मौजूद है और मामले की वास्तविक स्थिति क्या है।
सुलताना थाना प्रभारी को सौंपी जांच
पुलिस ने मामले की जांच सुलताना थाना प्रभारी को सौंपी है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं की निजता से जुड़ा गंभीर मामला
यह मामला महिलाओं की निजता और सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण गंभीर माना जा रहा है।






