झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बड़ा हादसा हो गया। हादसा कबूतरखाना स्थित बालाजी टेलीकॉम के पास सुबह करीब 10:45 बजे हुआ।
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बोलेरो ऑटो को जोरदार टक्कर मारती दिखाई दे रही है।
सड़क किनारे खड़ा था ऑटो
जानकारी के अनुसार सड़क किनारे एक ऑटो खड़ा हुआ था। ऑटो चालक राजकुमार सिंह निवासी हिरवा ने बताया कि वह सवारी छोड़ने आया था।
सवारी सामान लेने नीचे उतरी हुई थी, जबकि ऑटो में चालक और एक 10 वर्षीय बालक बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आई बोलेरो ने ऑटो को टक्कर मार दी।
हादसे में बालक घायल
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो में बैठा बालक नीचे गिरकर घायल हो गया। वहीं टक्कर के बाद ऑटो सामने खड़ी कार से जा भिड़ा।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
बोलेरो चालक को लोगों ने पकड़ा
हादसे के तुरंत बाद ऑटो चालक और कार चालक ने बोलेरो चालक को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि बोलेरो में दो युवक सवार थे, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर चिड़ावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
रेंटल गाड़ी होने की जानकारी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे में शामिल बोलेरो एक रेंटल वाहन थी।
पीड़ित पक्ष बोलेरो चालक को पकड़कर थाने ले गया, जहां रिपोर्ट दर्ज करवाने की कार्रवाई जारी है।
रेंटल वाहनों पर फिर उठे सवाल
गौरतलब है कि हाल ही में चिड़ावा थाना में हुई सीएलजी बैठक में भी रेंटल गाड़ियों का मुद्दा उठाया गया था।
ऐसे में रेंटल वाहन से हुए इस हादसे ने एक बार फिर शहर में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट






