डिस्कॉम कार्यालय में पूर्व पार्षद और एईएन के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो वायरल
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में स्थित खेतड़ी रोड के डिस्कॉम पावर हाउस में सहायक अभियंता (AEN) निधि मिश्रा और भाजपा के पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दोनों पक्षों के बीच बिजली से जुड़ी जन समस्याओं को लेकर जोरदार नोकझोंक होती दिखाई दे रही है।
बिजली समस्याओं को लेकर पहुंचे थे पूर्व पार्षद
पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा का कहना है कि वे वार्ड संख्या 11, 14 और 32 की बिजली समस्याओं को लेकर डिस्कॉम कार्यालय पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि इन वार्डों में
- बिजली के क्षतिग्रस्त पोल
- नीची झूलती बिजली लाइनें
- बावलिया बाबा स्मृति पार्क से 33 केवी लाइन शिफ्टिंग
जैसी समस्याओं को लेकर पहले भी तीन महीने पहले प्रार्थना पत्र दिया गया था।
शर्मा का आरोप है कि जब उन्होंने फाइल की प्रगति के बारे में पूछा तो AEEN निधि मिश्रा नाराज हो गईं और बहस शुरू हो गई।
फाइल आगे नहीं भेजने का लगाया आरोप
पूर्व पार्षद का कहना है कि संबंधित कार्य का एस्टीमेट जेईएन द्वारा तैयार कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद AEN ने फाइल को उच्च अधिकारियों को नहीं भेजा।
उनका आरोप है कि इससे उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
AEN ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं AEN निधि मिश्रा ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
उन्होंने कहा कि संबंधित कार्य का एस्टीमेट 5 लाख रुपये से अधिक का है, इसलिए इसकी स्वीकृति उच्च अधिकारियों के स्तर से ही संभव है।
वायरल वीडियो में एईएन स्वयं का ट्रांसफर करवाने की बात कहती भी सुनाई दे रही हैं।
वीडियो एडिट कर वायरल करने का आरोप
AEN निधि मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व पार्षद ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और वीडियो को एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
दूसरी ओर, पूर्व पार्षद रविकांत शर्मा का कहना है कि वे इस पूरे मामले से राज्य सरकार और जिला प्रशासन को अवगत करवाएंगे।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना मामला
डिस्कॉम कार्यालय में हुई इस बहस का वीडियो सामने आने के बाद चिड़ावा शहर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है।
लोग बिजली समस्याओं के समाधान और अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत की बात कर रहे हैं।
