झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में एक युवक और उसके परिवार को लगातार धमकियां मिलने का मामला सामने आया है।
पीड़ित परिवार ने चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल से मुलाकात कर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
पहले हुई थी मारपीट की घटना
पीड़ित परिवार के अनुसार वार्ड नंबर 5 निवासी सचिन सोलंकी के साथ पहले मारपीट की घटना हुई थी।
इस मामले में इटली से लौटते ही जतिन सोलंकी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
FIR वापस लेने का दबाव
परिवार का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद अब दोबारा उन पर एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
साथ ही परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां भी मिल रही हैं।
विदेश में रह रहे रिश्तेदार को भी धमकियां
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उनके ताऊ के बेटे, जो फिलहाल इटली में रह रहे हैं, उन्हें भी इंटरनेट कॉलिंग के जरिए धमकियां दी जा रही हैं।
परिवार ने बताया कि इस संबंध में पहले भी शिकायत दी जा चुकी है।
डीएसपी से लगाई सुरक्षा की गुहार
परिवार ने डीएसपी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि वे लगातार भय के माहौल में जी रहे हैं।
पुलिस से कार्रवाई की उम्मीद
मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट





