कन्वर्जन के नाम पर 10 लाख की मांग, ACB ने 8.50 लाख लेते पकड़ा
झुंझुनूं जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेरला ग्राम पंचायत के ग्राम सेवक राजकुमार को 8 लाख 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई सूरजगढ़ क्षेत्र में एसीबी की टीम ने की।
कन्वर्जन के नाम पर मांगी रिश्वत
ACB के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र पूनिया ने बताया कि किशोरपुरा निवासी राजेंद्र सैनी ने 9 तारीख को ब्यूरो में शिकायत दर्ज करवाई थी।
परिवादी ने बताया कि उसने बेरला गांव में आवासीय प्लॉट लेकर मेडिकल स्टोर खोल रखा है। आरोपी ग्राम सेवक ने नोटिस देकर आरोप लगाया कि वह आवासीय भूमि का व्यावसायिक उपयोग कर रहा है।
10 लाख से शुरू हुई डील
शिकायत के अनुसार ग्राम सेवक राजकुमार ने मामले को रफा-दफा करने और कन्वर्जन कराने के नाम पर पहले 10 लाख रुपए की मांग की।
बाद में गोपनीय सत्यापन के दौरान आरोपी 8 लाख 50 हजार रुपए लेने पर राजी हो गया।
कई जगह बुलाकर कटवाए चक्कर
एएसपी नरेंद्र पूनिया ने बताया कि आरोपी ग्राम सेवक ने रिश्वत लेने के लिए परिवादी को कई जगह बुलाया।
पहले कार्यालय बुलाया, फिर मेडिकल स्टोर आने की बात कही और अंत में सूरजगढ़ के एक निजी मेडिकल स्टोर पर रकम लेकर पहुंचने को कहा।
ACB ने रंगे हाथों दबोचा
जैसे ही परिवादी राजेंद्र सैनी ने आरोपी को 8.50 लाख रुपए दिए, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
टीम ने आरोपी के पास से पूरी रिश्वत राशि बरामद कर ली।
पूछताछ में जुटी ACB
कार्रवाई के बाद आरोपी ग्राम सेवक को हिरासत में लेकर सूरजगढ़ थाने में पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ACB अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।






