Hindi News / Video Gallery (वीडियो गैलरी) / Video News : झुंझुनूं में हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस गाड़ियों को मारी टक्कर, 4 घायल

, ,

Video News : झुंझुनूं में हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस गाड़ियों को मारी टक्कर, 4 घायल

Damaged police vehicle after clash with history-sheeter in Jhunjhunu

गुढ़ागौड़जी में डेढ़ घंटे तक चला पीछा, पिकअप बंद होने पर दबोचा गया बदमाश

झुंझुनूं में हिस्ट्रीशीटर और पुलिस आमने-सामने, गाड़ियों को मारी टक्कर

झुंझुनूं जिले के गुढ़ागौड़जी कस्बे में शुक्रवार रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच हाईवोल्टेज पीछा देखने को मिला।

पुलिस से बचने के लिए हिस्ट्रीशीटर रोहित महला ने पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मार दी। इस घटना में एएसआई समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।


बड़ी वारदात की तैयारी की सूचना

जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ की ढाणी निवासी और गुढ़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर रोहित महला किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से इलाके में घूम रहा है।

पुलिस पिछले तीन दिनों से उसकी घेराबंदी की तैयारी कर रही थी।

शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे उसकी लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए रवाना हुई।


नाले के पास घेराबंदी, फिर शुरू हुआ पीछा

एएसआई सज्जन कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी को पकड़ने के लिए निकले। टीम में ड्राइवर भूपेंद्र, कॉन्स्टेबल अशोक और रविकांत शामिल थे।

बांडिया नाले के पास पुलिस ने रोहित की पिकअप को दोनों तरफ से घेर लिया।

लेकिन आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।


8 किलोमीटर तक पीछा, गाड़ियों के शीशे टूटे

इसके बाद पुलिस और बदमाश के बीच करीब 8 किलोमीटर तक पीछा चला।

इस दौरान आरोपी बार-बार पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारता रहा, जिससे गाड़ियों के शीशे टूट गए और एयरबैग तक खुल गए

टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ियों के गेट भी क्षतिग्रस्त हो गए


पिकअप बंद होते ही दबोचा गया आरोपी

करीब डेढ़ घंटे तक पीछा करने के बाद अचानक आरोपी की पिकअप बंद हो गई।

इसका फायदा उठाते हुए पुलिस ने दोबारा घेराबंदी कर रोहित महला को पकड़ लिया। हालांकि अंधेरे का फायदा उठाकर उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए


भिड़ंत में पुलिसकर्मी घायल

इस पूरी घटना में ड्राइवर भूपेंद्र का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई सज्जन कुमार, कॉन्स्टेबल अशोक और रविकांत के हाथ-पैर में चोटें आईं।

आरोपी रोहित महला के दोनों पैरों में भी चोट लगी है।

घायलों को रात करीब 11 बजे गुढ़ा सीएचसी लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद पुलिसकर्मियों को छुट्टी दे दी गई।

वहीं रोहित महला को झुंझुनूं से जयपुर रेफर किया गया है।


एक महीने पहले ही जमानत पर आया था बाहर

गुढ़ा थाना प्रभारी सुरेश रोलन के अनुसार, रोहित महला एक शातिर अपराधी है।

उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूटपाट और जानलेवा हमले समेत 19 गंभीर मामले दर्ज हैं।

एसएचओ ने बताया कि वह करीब एक महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था और बाहर आते ही फिर से सक्रिय हो गया था।