झुंझुनूं के इंडाली रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल 8 वर्षीय मासूम धोलू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
शुक्रवार सुबह मासूम का शव झुंझुनूं पहुंचने पर परिजन और बावरिया समाज के लोग हादसे वाली जगह पर शव रखकर धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों ने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सड़क पार करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 20 मई को दोपहर करीब 1:40 बजे धोलू अपने भाई सुरेश के साथ इंडाली रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे बनी एक छोटी होद (कुंड) में नहाकर घर लौट रहा था।
दोनों सड़क पार करने के लिए खड़े थे। इसी दौरान सुरेश आगे निकल गया, लेकिन पीछे से झुंझुनूं की तरफ से आ रही तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने धोलू को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम करीब 40 फीट तक सड़क पर घिसटता चला गया।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद चालक गाड़ी रोके बिना सुल्ताना की तरफ फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल धोलू को पहले बीडीके अस्पताल झुंझुनूं ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया।
21 मई को जयपुर में इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।
शव रखकर किया प्रदर्शन
22 मई को शव झुंझुनूं पहुंचने के बाद परिजन और समाज के लोग हादसे वाली जगह पर धरने पर बैठ गए।
लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए आरोपी चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई।
“मासूम को न्याय मिलना चाहिए, आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए।” — प्रदर्शनकारी
पिता का पहले हो चुका निधन
परिजनों के अनुसार, धोलू के पिता सादुल का पहले ही निधन हो चुका था।
पिता की मौत के बाद उसकी मां कमला का सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार देवर से विवाह कर दिया गया था। धोलू अपनी दादी के साथ रहता था और दादी ने ही उसका पालन-पोषण किया था।
चार भाई-बहनों में धोलू दूसरे नंबर का था।
“हमारे घर का चिराग बुझ गया” — दादी
मासूम की मौत के बाद उसकी दादी का रो-रोकर बुरा हाल है।
उन्होंने कहा
“हमारे घर का चिराग बुझ गया। हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए। जिसने मेरे बच्चे को मारा है, पुलिस उसे जल्द गिरफ्तार करे।”
पुलिस ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सूचना मिलने पर एसएचओ मांगीलाल मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
थानाधिकारी ने बताया कि परिजनों से औपचारिक रिपोर्ट ली जा रही है। साथ ही रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी।
पुलिस ने कहा कि अज्ञात वाहन और चालक को जल्द ट्रेस कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए बीडीके अस्पताल भिजवाया गया है।






