झुंझुनूं शहर के व्यस्त मंडावा मोड़ पर सोमवार को यातायात पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई वाहनों के चालान काटे और सड़क किनारे लगाए गए होर्डिंग भी जब्त किए।
17 वाहनों के काटे चालान
यातायात थाना प्रभारी सीआई राधेश्याम के नेतृत्व में ट्रैफिक पुलिस टीम ने मंडावा मोड़ क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस ने सड़क किनारे गलत तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 17 वाहनों के चालान किए हैं।
सड़क किनारे लगे बोर्ड और होर्डिंग जब्त
अभियान के दौरान दुकानों के बाहर सड़क सीमा में लगाए गए छोटे-बड़े होर्डिंग और विज्ञापन बोर्ड भी जब्त किए गए।
पुलिस का कहना है कि ऐसे बोर्ड यातायात में बाधा उत्पन्न करते हैं और सड़क की जगह घेरते हैं।
कार्रवाई से दुकानदारों में नाराजगी
कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदारों ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई।
व्यापारियों का कहना है कि इलाके में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण ग्राहक मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करते हैं।
उनका कहना है कि लगातार चालान कटने से व्यापार प्रभावित हो रहा है।
ट्रैफिक पुलिस ने दी चेतावनी
सीआई राधेश्याम ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गलत पार्किंग, अतिक्रमण और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से यातायात नियमों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
शहर में आगे भी जारी रहेगा अभियान
यातायात पुलिस के अनुसार शहर के अन्य व्यस्त इलाकों में भी इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।






