झुंझुनूं जिले में रविवार सुबह बदमाशों का पीछा कर रही पुलिस टीम हादसे का शिकार हो गई। नवलगढ़ थाना पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गई, जिसमें कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल (42) की मौत हो गई, जबकि SHO अजय सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे हुआ।
दादिया थाना इलाके में थी नाकाबंदी
जानकारी के अनुसार, सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में सुबह 3 बजे से 6 बजे तक पुलिस की नाकाबंदी चल रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी नाकाबंदी तोड़कर नवलगढ़ की तरफ भाग निकली।
इसकी सूचना मिलने पर नवलगढ़ पुलिस ने तुरंत पीछा शुरू किया।
यूटर्न लेते समय पेड़ से टकराई पुलिस गाड़ी
झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर के अनुसार, बदमाशों ने अचानक यूटर्न लेकर थार को कच्चे रास्ते की तरफ मोड़ दिया। पीछा कर रही पुलिस गाड़ी भी यूटर्न लेने लगी, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुलिस वाहन के एयरबैग खुल गए और गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
कॉन्स्टेबल की इलाज के दौरान मौत
हादसे में घायल SHO अजय सिंह और कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल को तुरंत नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
भींवाराम की हालत गंभीर होने पर उन्हें सीकर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं SHO अजय सिंह का इलाज नवलगढ़ अस्पताल में जारी है।
एसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही झुंझुनूं एसपी कावेंद्र सिंह सागर अस्पताल पहुंचे और घायल SHO से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
बाद में कॉन्स्टेबल का शव सीकर से नवलगढ़ लाया गया।
ग्रामीणों ने पकड़े दोनों बदमाश
हादसे के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीणों ने सक्रियता दिखाते हुए थार सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। ग्रामीणों ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। पुलिस को उनकी गाड़ी से बीयर के केन भी मिले हैं।
पुलिस कर रही पूछताछ
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जानकारों के अनुसार मामले में फरारी, नाकाबंदी तोड़ने और पुलिस कार्रवाई में बाधा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया जा सकता है।






