झुंझुनूं जिले के सिंघाना थाना क्षेत्र के गांव डूमोली खूर्द में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक को पेड़ से बांधकर घंटों तक पीटा गया।
घटना के बाद घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज BDK अस्पताल में जारी है। मामले के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनसे पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
रास्ते के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा
प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 वर्षीय राहुल बावरिया, पुत्र सतपाल बावरिया, अपने प्लॉट में लगे पेड़ों को पानी देने गया था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले परिवार ने प्लॉट के बीच से रास्ता देने का दबाव बनाया।
जब राहुल ने रास्ता देने से इनकार किया तो विवाद बढ़ गया।
पेड़ से बांधकर की बेरहमी से पिटाई
परिजनों के आरोप के अनुसार रोहताश बावरिया, उसकी पत्नी प्रेम देवी और बेटों उदय सिंह व इंद्रजीत ने मिलकर राहुल पर हमला कर दिया।
आरोप है कि राहुल को पकड़कर एक पेड़ से बांध दिया गया और फिर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि राहुल के शरीर पर अंदरूनी चोटें आईं और वह बेहोश हो गया।
परिजनों का कहना है कि आरोपियों ने युवक को करीब 3 से 4 घंटे तक पेड़ से बांधकर रखा ताकि कोई उसे बचा न सके।
वीडियो आए सामने, पुलिस ने छुड़ाया
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें युवक को बंधक बनाकर पीटने की बात सामने आ रही है।
जानकारी के अनुसार घटना के बाद आरोपियों ने ही पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राहुल को पेड़ से मुक्त करवाया और तुरंत सिंघाना के राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए उसे झुंझुनूं जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिवार ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
राहुल परिवार का बड़ा बेटा बताया जा रहा है और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। परिवार में एक छोटा भाई और बहन भी हैं।
पीड़ित के पिता ने सिंघाना थानाधिकारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
इलाके में बढ़ा आक्रोश
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।





