झुंझुनूं-सोनासर मार्ग पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इशरपुरा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 24 वर्षीय मनोज सोनी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
परिवार को बस में बैठाकर खुद बाइक से निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, मनोज सोनी पुत्र लालचंद सोनी निवासी सोनासर अपने माता-पिता और भाई के साथ झुंझुनूं आ रहा था।
उसने परिवार के लोगों को पहले बस में बैठाया और खुद बाइक से पीछे रवाना हुआ। इसी दौरान इशरपुरा के पास सामने से आ रही अनियंत्रित बोलेरो ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
मौके पर ही हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मनोज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
अस्पताल में जुटे परिजन और ग्रामीण
घटना की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में बीडीके अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बताया जा रहा है कि मनोज अविवाहित था और अपने पिता के साथ रंग-पेंट का काम करता था।
गांव में पसरा मातम
युवक की अचानक मौत के बाद सोनासर गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताया।






