झुंझुनू, झुंझुनू के रोड़ न एक पर हांडीशाह दरगाह क्षेत्र में वक्फ बोर्ड संपत्ति मामले में पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा ने सियासत में उबाल ला दिया है। सैकड़ों समर्थकों के साथ निकाली गई विशाल रैली लेकर कलेक्ट्रेट पर पहुंचे। गुढ़ा ने प्रशासन, पुलिस और सत्ताधारी नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बेहद आक्रामक बयान दिए।
उन्होंने कलेक्ट्रेट पर हुंकार भरते हुए कहा कि गरीबों की हाय भ्रष्टाचार करने वालों का सत्यानाश कर देगी। प्रशासनिक कार्रवाई और मुकदमों की धमकी पर पलटवार करते हुए राजेंद्र गुढ़ा ने कहा, “मुझको मुकदमों से मत डराओ। मैं जब महज 15 साल का था, तब पहली बार बाल सुधार गृह (जेल) गया था। पिछले 40 साल से मुकदमे खा रहा हूँ और जब तक सांस चलेगी, गरीबों की लड़ाई में मुकदमे खाता रहूंगा। ये मुकदमे मेरे लिए सजा नहीं, बल्कि जनता की सेवा के ‘स्टार’ हैं।
उन्होंने पुलिस को चुनौती देते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो गिरफ्तार करके दिखाएं।रैली के दौरान गुढ़ा के निशाने पर सबसे ज्यादा स्थानीय प्रशासन रहा। उन्होंने तहसीलदार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए सार्वजनिक रूप से कहा कि तहसीलदार पैसे खाता है। गुढ़ा ने मंच से ही बद्दुआ देते हुए कहा कि “भ्रष्ट लोगों को कीड़े पड़ेंगे और वे जहन्नुम में जाएंगे।” जब गुढ़ा ने यह दुआ मांगी, तो वहां मौजूद सैकड़ों लोगों ने एक स्वर में ‘आमीन’ कहा। उन्होंने तहसीलदार को ललकारते हुए कहा, अगर तुम ईमानदार हो तो सामने आओ और हाथ ऊपर करके कहो। मैं सीना ठोक कर कहता हूँ कि मैंने कभी किसी का पैसा नहीं खाया।
हांडीशाह दरगाह मामले पर गुढ़ा ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि गरीबों को वहां से इसलिए उजाड़ा गया है क्योंकि उसके पीछे की 10 बीघा बेशकीमती जमीन पर भू-माफिया की नजर है। उन्होंने कहा, एक अरबपति को खरबपति बनाने के लिए गरीबों के आशियाने उजाड़कर शहर के बीचों-बीच रास्ता देने का गंदा खेल खेला जा रहा है।उन्होंने राजस्थान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष खानू खां बुधवाली और झुंझुनू के इकबाल को सीधे तौर पर “चोर” करार दिया।
स्थानीय विधायक राजेंद्र भाम्बू को ‘नोट समेटने वाला’ बताते हुए गुढ़ा ने कहा कि विधायक गरीबों को लूट रहे हैं। टोल के नाम पर डंपरों की भारी-भरकम पेनल्टी कटवाकर वसूली की जा रही है। उन्होंने विधायक को नसीहत दी कि “वोट इकट्ठा करो, नोट नहीं। उनका कहना था कि इन लोगो का तो ये है वोट मोदीजी क नाम स मिलज्यागा नोट भेळा करल्यो।
गुढ़ा ने कहा कि कोतवाली को यातना केंद्र बना दिया गया है, जहां मुस्लिम समाज के लोगों को नाम पूछकर प्रताड़ित किया जा रहा है। भाषण के अंत में गुढ़ा ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि चाहे एसडीएम हो, कलेक्टर हो, एसएचओ हो या खुद मुख्यमंत्री – जो भी भ्रष्टाचार का साथ देगा और गरीबों का हक मारेगा, उसका अंत बुरा होगा। उन्होंने आरएसी (RAC) के जवानों की तारीफ करते हुए कहा कि केवल वही ईमानदार हैं, बाकी उनके पीछे छिपे बड़े अधिकारी बेईमान हैं। ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू





