दुकान खुलने के साथ ही व्यापारी की दुकान में चोरी
चूरू जिले के रतनगढ़ शहर में दिनदहाड़े एक व्यापारी की दुकान से करीब 3 लाख रुपए नकदी और बही खाते चोरी होने का मामला सामने आया है।
घटना की जानकारी मिलते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के व्यापारी मौके पर एकत्रित हो गए।
दुकान खुलते ही हुई चोरी
मिली जानकारी के अनुसार पूर्वी बाजार निवासी ओमप्रकाश चौधरी की परचून की दुकान है।
शुक्रवार सुबह रोज की तरह उनके पुत्र पुनीत चौधरी दुकान खोलने पहुंचे। इसी दौरान कुछ ग्राहक आ गए और वह उन्हें सामान देने लगे।
बहाने से हटाया और थैला ले उड़ा
पुनीत के हाथ में एक थैला था, जिसमें करीब 3 लाख रुपए नकद और बही खाते रखे हुए थे।
ग्राहकों को सामान देते समय उन्होंने वह थैला गद्दी पर रख दिया।
इसी दौरान एक युवक वहां आया और पुनीत से कहा कि
आपकी चप्पलें दुकान से इतनी दूर क्यों रखी हैं?
जब पुनीत चप्पल लेने के लिए दुकान से बाहर गया, उसी दौरान अज्ञात व्यक्ति गद्दी पर रखा थैला लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
घटना सामने की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
थैला चोरी होने का पता चलते ही पुनीत ने आसपास चोर की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस को दी सूचना
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि खबर लिखे जाने तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
शेखावाटी लाइव के लिए रतनगढ़ से सुभाष प्रजापत की रिपोर्ट
