गौरिया के पास डामर टैंकर में आग, हाईवे जाम
सीकर जिले के गौरिया के पास जयपुर-बीकानेर हाईवे पर सड़क निर्माण कार्य में लगे एक डामर टैंकर में अचानक आग लग गई। आग टैंकर के पीछे लगे जनरेटरनुमा इंजन में लगी, जिससे हाईवे पर करीब पौन घंटे तक जाम की स्थिति बन गई।
केमिकल टैंकर की अफवाह से मचा हड़कंप
घटना के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि केमिकल से भरे टैंकर में आग लगी है।
अफवाह फैलते ही पुलिस प्रशासन सतर्क हो गया और चार थानों का जाब्ता, सीओ सिटी व आरएसी के साथ मौके पर पहुंच गया।
हालांकि जांच में सामने आया कि टैंकर में कोलतार (डामर) भरा था।
मेडिकल कॉलेज स्टाफ ने बुझाई आग
पास में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के स्टाफ ने पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाया।
पुलिस ने टैंकर को सड़क से हटवाकर एक ओर किया, जिसके बाद ट्रैफिक दोबारा सुचारू कराया गया।
क्या बोले सीओ सिटी?
सीओ सिटी संदीप सिंह ने बताया,
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घटना में किसी प्रकार की जनहानि या माल का नुकसान नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि एनएचएआई के ठेकेदार द्वारा हाईवे पर निर्माण कार्य चल रहा था।
अधिक तापमान बना कारण
डामर के टैंकर में भरे कोलतार का तापमान अधिक होने के कारण पीछे लगे इंजन में आग लग गई।
यह टैंकर सड़क पर डामर छिड़कने के काम में लिया जाता है।
फायर ब्रिगेड देरी से पहुंची
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड आग बुझने और टैंकर को साइड में किए जाने के बाद मौके पर पहुंची।

