दुकान से चकमा देकर मिठाई से भरा बैग लेकर अधेड़ फरार
झुंझुनूं जिले के चिड़ावा शहर में त्योहारी सीजन के दौरान एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है। स्टेशन रोड स्थित नाहर सिंह मिष्ठान भंडार से एक उचक्का करीब 2 हजार रुपये कीमत का मिठाई से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना शनिवार दोपहर करीब 2 बजकर 20 मिनट की बताई जा रही है।
दुकान मालिक सुनील राव ग्राहकों को मिठाई देने में व्यस्त थे, तभी करीब 50 वर्षीय व्यक्ति दुकान में दाखिल हुआ।पीली और सफेद धारीदार टी-शर्ट पहने यह व्यक्ति हाथ में एक बैग लिए काफी देर तक मोबाइल पर बात करने का नाटक करता रहा।जैसे ही दुकानदार और कर्मचारी अन्य ग्राहकों में उलझे, आरोपी ने टेबल के नीचे रखा 5 किलो लड्डू से भरा बैग उठा लिया और तेजी से बाहर निकल गया।कुछ देर बाद जब दुकान मालिक को शक हुआ तो उन्होंने CCTV फुटेज खंगाली। पूरी घटना कैमरे में साफ कैद मिली, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
दुकानदार सुनील राव ने बताया, त्योहारी सीजन में भीड़ अधिक रहती है। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि त्योहारी समय में ऐसी घटनाएं बढ़ जाती हैं। वही जिस शातिराना अंदाज में इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है और वारदात का वीडियो वायरल होने पर दुकानदार चौकन्ने और भयभीत भी हो गए है। शेखावाटी लाइव के लिए चिड़ावा से मनीष शर्मा की रिपोर्ट
