Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मौसम अब अचानक करवट लेने वाला है. प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम और उत्तरी राजस्थान में तेज हवाओं के साथ मौसम बदल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
हालांकि राहत ज्यादा लंबी नहीं रहने वाली. 24 मई के बाद प्रदेश में एक बार फिर तापमान तेजी से बढ़ सकता है और कई इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है.
Rajasthan Weather Update: श्रीगंगानगर सबसे गर्म, रात में भी नहीं मिली राहत
22 मई 2026 तक राजस्थान में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहा. दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं हुई.
सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं सिरोही में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. कई शहरों में दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का असर बना रहा और उष्ण रात्रि जैसी स्थिति देखने को मिली.
Rajasthan Weather Update: इन जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से 22 मई की दोपहर बाद बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और आसपास के इलाकों में तेज आंधी और हल्की बारिश हो सकती है.
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. कई इलाकों में धूलभरी आंधी भी चल सकती है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है. मौसम विभाग ने कुछ क्षेत्रों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है.
अगले 48 घंटे कैसे रहेंगे?
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी 48 घंटों में राजस्थान के कई हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी हवाएं चल सकती हैं. इससे तापमान में 1 से 2 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.
23 मई को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है. कुछ इलाकों में हल्की हवाएं चलेंगी, लेकिन उमस और गर्मी का असर बना रहेगा. दिन के समय तेज धूप लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है.
24 मई से फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का कहना है कि 24 मई से प्रदेश में एक बार फिर तापमान बढ़ने लगेगा. कई जिलों में पारा 2 से 3 डिग्री तक चढ़ सकता है. इसके साथ ही पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हीटवेव और कहीं-कहीं तीव्र हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है.
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और तेज धूप में सावधानी बरतने की सलाह दी है.





