हरियाणा में मौसम एक बार फिर से करवट लेने वाला है। अगले कुछ दिनों में प्रदेश में बारिश होने से तापमान में गिरावट आने वाली है। नौतपा के तीसरे दिन मौसम विभाग ने 27 मई के लिए भी हीट वेव का ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ से मौसम करवट लेगा।
एचएयू हिसार स्थित कृषि एवं मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक 28 से 30 मई के बीच प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभके असर से अम्बाला में बादल छाने व बूंदाबांदी की संभावना है, जिसका असर तापमान पर दिखेगा।
इससे पिछले साल की तरह इस साल भी नौतपा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से हीट वेव से कुछ दिन के लिए राहत मिलने की उम्मीद है। 28 से 30 मई के बीच तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
अगले 4 दिन तक ऐसा रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम विभाग ने 28 मई को दिन का अधिकतम तापमान 41 डिग्री व न्यूनतम 27 डिग्री रहने की संभावना जताई है। 29 को अधिकतम तापमान 38 व न्यूनतम 28 डिग्री रहने की संभावना है।
30 मई को बरसात के असर से अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक लुढ़कने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रह सकता है। हालांकि, 1 जून को फिर से मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री के पास रहेगा।
गर्मी में डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
नारायणगढ़ अस्पताल के एसएमओ डॉ. प्रवीन ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। उनके मुताबिक लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन, चक्कर आना और हीट स्ट्रोक के मामले बढ़ सकते हैं। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।





