चंडीगढ़ में दो दिन से धूप में तपिश कुछ कम हुई। नमी बढ़ने से गर्मी ने थोड़ा परेशान किया। मौसम विभाग ने सोमवार से तीन दिन फिर हीट वेव का अंरिज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 1-2 डिग्री का इजाफा हो सकता है।
मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार तीन दिन गर्म हवाएं चलेंगी। 28 से 30 मई के बीच राहत की उम्मीद है। इस बीच रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा रहा। शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम रहा। हवा में नमी की मात्रा 63 फीसदी दर्ज की गई।
हवाओं की दिशा दक्षिण पूर्वी होने से बदलेगा मौसम
चंडीगढ़ मौसम विशेषज्ञ सुरेंद्र पाल ने बताया कि मैदानी इलाकों में पिछले कई दिनों से आसमान पूरी तरह साफ रहने और उत्तर-पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। 25 से 27 मई तक ट्राईसिटी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
28 मई से हवा की दिशा बदलकर दक्षिण-पूर्वी होने के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी। यह नम हवाएं मैदानी इलाकों में एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ से जैसे ही टकराएंगी, हवा के कम दबाव का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बनेगा। इसके प्रभाव से 28 मई को अधिकतम तापमान गिरकर 38 तक आ सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
सोमवारः आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है।
मंगलवार : आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 24 डिग्री रह सकता है।
बुधवार : आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 24 डिग्री रहने की संभावना है।





