चुरूताजा खबर

जिले में खुलेगा एग्रीकल्चर कॉलेज और पॉक्सो कोर्ट

चूरू के गढ़ परिसर स्थित मातृ शिशु अस्पताल बनेगा सैटेलाइट अस्पताल

चूरू, [सुभाष प्रजापत ] प्रदेश में भाजपा की भजनलाल सरकार ने बुधवार को अपना पहला पूर्ण बजट पेश किया। वित्त मंत्री दीया कुमारी ने चूरू जिले के लिए कई घोषणाएं की हैं। चूरू के गढ़ परिसर स्थित मातृ शिशु अस्पताल को सैटेलाइट अस्पताल बनाने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही सातड़ा और साहवा में 132 केवी जीएसएस निर्माण, मोटानिया जोहड़ा व तारानगर में 33 व 11 केवी जीएसएस निर्माण करवाया जाएगा। 75 करोड़ की लागत से एनएच 58 से सुजानगढ़ तक सड़क निर्माण, चूरू में रामनगर तिराहा और ओम कॉलोनी फाटक के पास 5-5 करोड़ की लागत से आरयूबी का निर्माण करवाया जाएगा।

चूरू में खुलेगा पॉक्सो कोर्ट

मोलीसर रतनगढ़ रेलवे स्टेशन के बीच सात करोड़ 25 लाख की लागत से आरयूबी का निर्माण होगा। प्रत्येक नगर निकाय में बिजली की लाइनों को अंडर ग्राउंड करने के लिए 150 करोड़ रुपए का प्रावधान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक नगरीय निकाय में 65 करोड़ की लागत से दमकल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सालासर बालाजी मंदिर के विकास कार्य के लिए भी बजट का प्रावधान किया गया है। चूरू जिले में कृषि कॉलेज बनाने की भी घोषणा की गई है। रतनगढ़ में स्थित गवर्नमेंट आईटीआई कॉलेज में सुविधाओं के लिए विकास के लिए बजट की घोषणा की गई है। चूरू में पॉक्सो कोर्ट बनाने की भी घोषणा की गई है।

जिले में बनेगा आदर्श सोलर ग्राम

जिले में आदर्श सोलर ग्राम बनेंगे। इसके अलावा पांच करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण होगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर हर विधानसभा क्षेत्रों में 20-20 हैंडपंप और 10-10 ट्यूबवैल के निर्माण की घोषणा की गई है। प्रत्येक विधानसभा में पांच करोड़ की लागत से सड़क और तीन करोड़ के अन्य आधारभूत कार्यों की स्वीकृति दी गई है। हर जिले में एक आदर्श सोलर ग्राम बनाया जाएगा। इसमें दो मेगावाट तक के सोलर पावर प्लांट स्थापित की जाएगा। जिसमें 40 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा।

जिले में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने की घोषणा

सरकार ने बजट घोषणा में प्रत्येक जिले में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने की घोषणा की है। प्रदेश में आठवीं, दसवीं और 12वीं क्लास में मैरिट में आने वाले प्रत्येक स्टूडेंट को टैबलेट दिया जाएगा। हर विधानसभा क्षेत्र में एक आयुष्मान मॉडल सीएचसी शुरू करेगी, जिसमें मॉच्र्युरी भी बनाई जाएगी। प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर ओपन जिम और खेल मैदान बनाए जाएंगे। खेलो इंडिया की तर्ज पर ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खेलो राजस्थान यूथ गेम्स होंगे। इस 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। हर विधानसभा में पांच नए आंगनबाड़ी केन्द्र खोले जाएंगे। आंगनबाड़ी के बच्चों को तीन दिन दूध दिया जाएगा। दूध पाउडर के लिए 200 करोड़ रुपए खर्च किय जाएंगे। प्रत्येक जिला स्तर पर कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनेंगे। जिस पर 35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। प्रदेश में स्ट्रीट वेंडर्स के लिए सीएम स्वनिधि योजना शुरू होगी। वहीं, एक्सीडेंट में घायलों को बचाने के लिए अब दस हजार प्रोत्साहन राशि मिलेगी। पहले यह राशि पांच हजार रुपए थी।

जिले को मिलेगा यमुना का पानीः सहारण

चूरू विधायक हरलाल सहारण ने कहा- भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है। इसमें गरीब, युवा, बेरोजगार, किसान व महिलाओं के लिए विशेष घोषणा की गई है। जिले को यमुना का पानी देने के लिए भी घोषणा की गई है। बजट में चूरू के लिए काफी राहत प्रदान करने वाली घोषणा की गई है।

बजट में कांग्रेस की योजनाओं का नाम बदलने के अलावा कुछ नहीं: सिहाग

कांग्रेस युवा नेता हेमंत सिहाग ने कहा- प्रदेश की भाजपा सरकार ने दिशाहीन बजट पेश किया है। इससे प्रदेश की आठ करोड़ जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है। इस बजट में युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों, किसानों के लिए किसी प्रकार की कोई राहत प्रदान नहीं की गई है। बजट में चूरू के लिए कुछ भी नहीं है। बजट में गत कांग्रेस सरकार की योजनाओं का नाम बदलने के अलावा कुछ नया नहीं है।

औद्योगिक विकास के लिए सराहनीय कदमः तंवर

जिला औद्योगिक संघ के अध्यक्ष दौलत तंवर ने बताया- औद्योगिक क्षेत्र के लिए 50 क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। इसके लिए 150 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। रीको औद्योगिक क्षेत्र के एक किलोमीटर परिधि में उद्योग के लिए भूमि कंवर्जन के लिए रीको की एनओसी लेनी अनिवार्य थी। अब इस बजट में यह शर्त हटा दी गई है, जो कि औद्योगिक विकास के लिए सराहनीय कदम है। युवाओं के स्टार्टअप के लिए विशेष योजना की घोषणा की गई है।

Related Articles

Back to top button