ताजा खबरसीकर

मुख्यमंत्री का बयान लोकतंत्र के लिए घातक व तानाशाही प्रवृति का – सारस्वत

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता ओमप्रकाश सारस्वत ने मुख्यमंत्री के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे लोकतंत्र के लिए घातक और तानाशाही प्रवृति का बताया है। मुख्यमंत्री ने जोधपुर में भाजपा को चेतावनी देते हुए एक बयान जारी किया था। उसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए वे आज बुधवार को भाजपा जिलाध्यक्ष कार्यालय में प्रेस वार्ता में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने कहा कि आंदोलन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया तो निकल नहीं पायेंगे, यह कांगे्रस की तानाशाही सोच को उजागर करता है। गहलोत के ये कहने से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता भयभीत हो जाएंगे और इससे जेल में जाने वाले भाजपा कार्यकर्ता की संख्या कम हो जायेगी, यह गहलोत का वहम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पर ये चीजे लागू हो सकती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता जो ठान लेता है वह करके दिखाता है। भाजपा का कार्यकर्ता ना जेल जाने से डरता है और ना लाठियों से डरता है। इसलिए इस प्रकार का बयान देकर उन्होंंने भाजपा को जो चुनौती दी है, भाजपा का कार्यकर्ता उसका जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा के भाजपा चाहे सत्ता में रही हो या विपक्ष में, हमेशा जनता के प्रति जवाबदेह रही है और संवदेनशीलता रखती हैं। भाजपा सरकार में रहती हैं तो जनता के कार्य करती हैं और विपक्ष में रहती हैं तो सरकार से संघर्ष करके जनहित के कार्य करवाने के लिए प्रयासरत रहती है। कांग्रेस की सत्ता में आते ही दस दिनों में किसानों की कर्ज माफी की घोषणा पर सारस्वत ने कहा कि कांग्रेस का केवल सत्ता प्राप्त करने के उद्ेश्य से ये घोषणा मात्र है। शिक्षित बेरोजगारों की भत्ता देने की अभी तक प्रक्रिया भी शुरू नहीं की है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आर्थिक आधार पर सवर्ण जाति को 10 प्रतिशत की आरक्षण को भी अभी तक कांग्रेस सरकार ने लागू करने से बच रही है। यूरिया लेने के लिए कतार में खड़े किसान यूरिया की जगह लाठिया खा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वाइन फ्लू रोग का प्रकोप बढ़ रहा है, रोगी मर रहे हैं। यह कांग्रेस सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में वे केंद्र सरकार व राज्य में भाजपा सरकार के समय की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जनता के बीच जाएंगे। भाजपा के नेता व नीति स्पष्ट है और इसी के बलबूते पर भाजपा फिर से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनाएंगी। प्रेस वार्ता में जिलाध्यक्ष विष्णु चेतानी, जिला महामंत्री नंदकिशोर सैनी, विस्तारक योजना जिला पालक बाबुलाल शर्मा, मीडिया प्रभारी जितेंद्र माथुर भी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button