झुंझुनूताजा खबर

अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय में हुआ शांति सभा का आयोजन

राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी, भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री, एनी बेसेंट व लीला रॉय की जयंती और भारत रत्न के. कामराज, राजकुमारी अमृत कौर व कादंबिनी गांगुली की पुण्यतिथि मनाई

सूरजगढ़, अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर आदर्श समाज समिति इंडिया के कार्यालय सूरजगढ़ में धर्मपाल गाँधी की अध्यक्षता में एक शांति सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीसीसी सदस्य रणजीत सिंह चंदेलिया व विशिष्ट अतिथि राजीव गाँधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सचिव विजय मील व योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह रहे। सभा में सर्वप्रथम भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महानायक, सत्य और अहिंसा के पुजारी, हिंसा के दौर में पूरे विश्व को शांति का पाठ पढ़ाने वाले महान शांति दूत राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी को उनकी जयंती पर पुष्प अर्पित करते हुए नमन किया। इस मौके पर अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस पोस्टर का विमोचन किया और गाँधी जी के विचारों को ग्रहण करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर ईमानदारी और सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री, स्वतंत्रता सेनानी और कांग्रेस की प्रथम महिला अध्यक्ष, लेखक और भारत प्रेमी क्रांतिकारी महिला, भारत देश की आजादी और भारतीयों के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली महान सामाजिक कार्यकर्ता एनी बेसेंट, स्वतंत्रता सेनानी व संविधान सभा की सदस्य लीला रॉय नाग की जयंती और भारतीय राजनीति के किंग मेकर स्वतंत्रता सेनानी भारत रत्न के. कामराज व देश की प्रथम स्वास्थ्य मंत्री, एम्स की संस्थापक, संविधान सभा की सदस्य, देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाली महान स्वतंत्रता सेनानी राजकुमारी अमृत कौर व देश की प्रथम महिला स्नातक फिजिशियन कादम्बिनी गांगुली की पुण्यतिथि मनाई। अंतर्राष्ट्रीय योगा खिलाड़ी सुदेश खरड़िया ने स्वतंत्रता सेनानियों पर देशभक्ति गीत सुनाया। मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट ने कहा- भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले महात्मा गाँधी दुनिया भर में नागरिक अधिकारों और सामाजिक परिवर्तन के लिए अहिंसक आंदोलन के प्रेरणास्रोत रहे हैं। अपने पूरे जीवन में महात्मा गाँधी दमनकारी परिस्थितियों और दुर्गम चुनौतियों के बावजूद अहिंसा में अपने विश्वास के प्रति प्रतिबद्ध रहे। 20वीं सदी में हिंसा के दौर में महात्मा गाँधी ने पूरी दुनिया को सत्य और शांति का पाठ पढ़ाया। इसीलिए महात्मा गाँधी के जन्मदिन को पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाता है। आज पूरी दुनिया में अशांति का माहौल है, ऐसे में महात्मा गाँधी के विचारों को ग्रहण कर ही पूरे विश्व में शांति स्थापित की जा सकती है। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी सहित अन्य वक्ताओं ने भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार व्यक्त किये। इस मौके पर समाजसेवी इंद्र सिंह शिल्ला, रणजीत सिंह चंदेलिया, विजय मील, शिवदान सिंह भालोठिया, रविंद्र कुमार शर्मा, चंद्रवीर बुडानिया, योगाचार्य डॉ. प्रीतम सिंह खुगांई, शिक्षाविद् राजपाल सिंह फौगाट, धर्मपाल गाँधी, बाबूलाल बड़गूजर, महेंद्र सिंह बरवड़, दरिया सिंह डीके, मनोज कुमार, सुदेश खरड़िया, उप-सरपंच राकेश मनीठिया, दिनेश कुमार खाटीवाल, बनारसी लाल जलिन्द्रा, रोहित चंदेलिया, अंजू गाँधी आदि अन्य लोग मौजूद रहे। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने सभी का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button