
सीएम के नाम एसडीएम को सौंपा आज ज्ञापन
विभिन्न समस्याओं का किया ज्ञापन में उल्लेख

चूरू (सुभाष प्रजापत) भाजपा कार्यकर्ताओं ने आज विरोध प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार की नीतियों पर आक्रोश प्रकट किया। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तहसील मुख्यालय पर मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। शहर मंडल अध्यक्ष अरविंद इंदौरिया ने बताया कि गहलोत सरकार के सत्ता में आने के बाद किसान बेहाल है। कोरोना काल में बिजली की वीसीआर की जा रही है, बिजली के दाम बढ़े हैं। सरकार ने पेट्रोल-डीजल के वेट में बढ़ोत्तरी कर आम जनता पर अतिरिक्त भार डाला है। अपराध का ग्राफ बढ़ता जा रहा है तथा प्रदेश में बजरी माफियाओं का आतंक बना हुआ है। ज्ञापन में रतनगढ़ की गंदे पानी की निकासी, अस्पताल के खाली पदों सहित कई समस्याओं का उल्लेख किया गया है। इससे पूर्व कार्यकर्ता विधायक अभिनेष महर्षि के निवास पर एकत्रित हुए तथा वहां से नारेबाजी करते हुए उपखंड मुख्यालय पहुंचे। इस मौके पर काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।