झुंझुनूताजा खबर

राष्ट्रहित में सरकारी संस्थानों को बचाने के लिए प्रधानमंत्री के नाम दिया ज्ञापन

आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में

सूरजगढ़, आज बुधवार को आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वाधान में राष्ट्रहित में सरकारी संस्थानों को बचाने, निजीकरण को रोकने, एयरपोर्ट व देश की विरासत को नीलाम नहीं करने के संबंध में मनजीत सिंह तंवर के नेतृत्व में सूरजगढ़ तहसीलदार बंशीधर योगी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि पूरा देश एकजुट होकर वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहा है और केंद्र सरकार आत्मनिर्भर का नारा देकर कोरोना की आड़ में देश के सरकारी संस्थानों का निजीकरण कर रही है। देश की विरासत को नीलाम कर रही है। जिन सरकारी संस्थानों की बदौलत हमारा देश आत्मनिर्भर हुआ है। आज देश को धोखे में रखकर उन्हीं सरकारी संस्थानों को नीलाम किया जा रहा है। यह देश के साथ बहुत बड़ा धोखा है। देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी संस्थानों को बचाना जरूरी है। सरकारी संस्थानों का निजीकरण करने और एयरपोर्टों की नीलामी करने में सरकार का हित हो सकता है। लेकिन देश का हित कभी नहीं हो सकता है।
आदर्श समाज समिति इंडिया के संरक्षक मनजीत सिंह तंवर ने कहा ज्ञापन के माध्यम से प्रधानमंत्री को अवगत करवाया गया है कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाले हमारे देश के क्रांतिवीरों, महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों की कठिन तपस्या और बलिदान से आत्मनिर्भर भारत देश का निर्माण हुआ था। आज राष्ट्र निर्माताओं द्वारा बनाई गई व्यवस्थाओं को खत्म करना और उनके द्वारा बनाये गये सरकारी संस्थानों की नीलामी करना देश को आत्मनिर्भर बनाना नहीं बल्कि कर्ज़ निर्भर बनाना व पराधीन बनाना है। बहुत लंबे संघर्ष और लाखों करोड़ों क्रांतिवीरों के बलिदान के बाद हमें आजादी मिली थी। हमारे राष्ट्र निर्माताओं ने बहुत सी मुश्किलों का सामना करते हुए एक अच्छे, मजबूत, आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण किया था। संवैधानिक संस्थाओं का निर्माण किया था। शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्र में सरकारी संस्थानों का निर्माण किया था। आपदा और युद्ध के समय भी हम आत्मनिर्भर रहे। कभी सरकारी संस्थानों को नीलाम नहीं किया। राष्ट्रहित में आज हमारी जिम्मेदारी बनती है कि सरकारी संस्थानों का निजीकरण और एयरपोर्टों को नीलाम करने की बजाय देश की विरासत को बचाया जाये। सरकारी संस्थानों के बिना राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है। आज महामारी में आपदा के समय सरकारी संस्थान और सरकारी कर्मचारी ही काम कर रहे हैं।हर देशवासी की जिम्मेदारी बनती है की संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत किया जाये। राष्ट्रहित में देश की विरासत को नीलाम होने से बचाया जाये। ज्ञापन देने वालों में वैद्य जय प्रकाश स्वामी, राय सिंह शेखावत, रवि कुमार, विक्रम मेघवाल, अशोक कुमार, सुनील कुमार, राजेंद्र कुमार आदि अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button