
एडीएम अर्पिता सोनी ने चूरू महोत्सव- 2025 के आयोजन को लेकर प्रेस वार्ता में दी जानकारी
चूरू, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन मैदान में 22 से 24 फरवरी तक चूरू महोत्सव – 2025 का आयोजन किया जाएगा। चूरू महोत्सव – 2025 के तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियां व प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। यह जानकारी कार्यक्रम प्रभारी एडीएम अर्पिता सोनी ने रविवार को चूरू नगर परिषद कार्यालय के सभागार कक्ष में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए दी।
उन्होंने कहा कि मीडिया के सहयोग से चूरू महोत्सव- 2025 का सफल आयोजन हो। प्रशासन एवं मीडिया के समन्वय से हमारी संस्कृति व सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजें। आमजन की लोकरंग के इस महोत्सव में अधिकतम भागीदारी हो तथा सभी के आपसी समन्वय से एक बेहतरीन आयोजन हो।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से पूर्व महोत्सव के आयोजन को लेकर अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं तथा समुचित दिशा- निर्देश दिए गए हैं। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा सहित समस्त अधिकारियों द्वारा तैयारियों की मॉनीटरिंग की जा रही है एवं समयबद्ध ढंग से तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर चूरू महोत्सव को जिले के लिए पर्व के रूप में मनाएं और अपनी सक्रिय भागीदारी के साथ एक अमिट छाप छोड़ें।
उन्होंने सभी जिले वासियों से महोत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए सम्मिलित होने की अपील की है। इस अवसर पर चूरू नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने आयोजन से जुड़ी विविध गतिविधियों की जानकारी दी।
आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां
एडीएम सोनी ने बताया कि चूरू महोत्सव के तीन दिवसीय आयोजन में विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महोत्सव के पहले दिन 22 फरवरी को सवेरे 7.15 बजे चूरू गढ़ परिसर से विरासत कार्निवल यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद सवेरे 10.30 बजे से पारंपरिक परिधान मिस्टर/ मिस/ मिसेज चूरू, रस्सा -कस्सी प्रतियोगिता, आर्ट गैलरी, संगीत एवं नृत्य प्रतियोगिता, क्राफ्ट एवं फूड बाजार, राजीविका एवं महिला सशक्तीकरण चर्चा सत्र, पेंटिंग /रंगोली कार्यशाला आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं तथा सांय 6.15 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम में पद्मश्री गुलाबो सपेरा द्वारा नृत्य प्रस्तुति, प्रसिद्ध कोरियोग्राफर संतोष नायर द्वारा निर्देशित वायब्रेंट इंडिया नृत्य प्रस्तुति, बॉलीवुड पार्श्व गायक रविन्द्र उपाध्याय, कोक स्टुडियो फेम भंवरी देवी आदि प्रस्तुतियां देंगे। इसी क्रम में 23 फरवरी को सवेरे 10.30 बजे से यूथ एवं स्टार्टअप विशेष चर्चा सत्र, प्रवासी सम्मान – गौरवश्री अवार्ड, राजीविका एवं महिला सशक्तीकरण चर्चा सत्र, किड्स प्रतियोगिता, हैकाथॉन, क्राफ्ट एवं फूड बाजार व विविध प्रतियोगिताएं तथा सांय 6.15 बजे से 4 बार के ग्रैमी अवार्ड विजेता रिकी केज का लाइव इन म्यूजिक कॉन्सर्ट, जिक्र द बैंड ‘बॉलीवुड सूफी रॉक बैंड‘ द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव के तीसरे दिन 24 फरवरी को सवेरे 10.30 बजे से साहित्यिक उत्सव विशेष चर्चा सत्र, प्रवासी सम्मान- गौरश्री अवार्ड, लेखक से मिलिए, क्राफ्ट एवं फूड बाजार, पेंटिंग कार्यशाला तथा सांय 06.15 बजे से प्रसिद्ध रंगकर्मी अतुल सत्य कौशिक द्वारा लाइव थिएटर व कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कवि सम्मेलन में लोकेश कुमार ‘साहिल‘, अरूण जैमिनी, अमन अक्षर, जुबैर अली तबिश, विवेक पारीक, इति शिवहरे सहित साहित्यकार प्रस्तुतियां देंगे।