झुंझुनूताजा खबर

महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर भ्रष्टाचार को खत्म करने का संकल्प लेना चाहिए – धर्मपाल गाँधी

समता दिवस पर

सूरजगढ, आज रविवार को समता दिवस पर गांधी कृषि फार्म कुम्हारों का बास सूरजगढ़ में आदर्श समाज समिति इंडिया द्वारा देश में अमन-चैन के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबू जगजीवन राम के चित्रों पर पुष्प अर्पित किये गये। समिति द्वारा दीप प्रज्वलित कर वैश्विक महामारी कोरोनावायरस के संक्रमण से देश को बचाने की दुआ की गई। समता दिवस पर भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष स्वतंत्रता सेनानी बाबू जगजीवन राम की जयंती पर स्वाधीनता आंदोलन में उनके संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये गये। आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गांधी ने बताया कि पाँच अप्रैल का दिन इतिहास में बहुत महत्त्व रखता है। आज के दिन 1930 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने अपने अनुयायियों के साथ दांडी पहुंचकर अंग्रेजों को चुनौती देने के लिए नमक कानून तोड़ा था। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में दांडी यात्रा अहम घटना है। दांडी यात्रा की तैयारी देखने के लिए देश-विदेश के पत्रकार फोटोग्राफर अहमदाबाद आए थे। आजादी के आंदोलन की यह महत्वपूर्ण घटना वॉइस ऑफ अमेरिका के माध्यम से इस तरह प्रस्तुत की गई कि आज भी उस समय के दृश्य, उसकी गंभीरता और उसका प्रभाव देखा जा सकता है। दांडी यात्रा शुरू करने से पहले गांधी जी ने अपना वसीयतनामा तैयार कर अपनी इच्छा जताई कि आंदोलन लगातार चलता रहे, इसके लिए सत्याग्रह की अखंड धारा बहती रहनी चाहिए। कानून भले ही भंग हो, पर शांति रहे। लोग स्वयं ही नेता की जवाबदारी निभाएं। गांधी जी ने अपने साथियों को प्रतिज्ञा करते हुए कहा- “मेरा जन्म ब्रिटिश साम्राज्य का नाश करने के लिए हुआ है। मैं कौवे की मौत मरुँ या कुत्ते की मौत, पर स्वराज्य लिए बिना आश्रम में पैर नहीं रखूंगा।” महात्मा गांधी और बाबू जगजीवन राम जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की बदौलत हमें आजादी मिली है। हमें उनके संघर्ष को याद करना चाहिए और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए। आज आधुनिकता की दौड़ में हर कोई आगे बढ़ने की होड़ में गलत रास्ते अपना रहा है। आज हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार बढ़ रहा है। कालाबाजारी हो रही है। खाने पीने की चीजों में मिलावट हो रही है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। राजनीतिज्ञ अपने स्वार्थ के लिए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं। देश की आम जनता त्रस्त हो रही है। भ्रष्टाचार हमारे देश की बहुत बड़ी समस्या बन गई है। देश के बेहतर भविष्य के लिए युवाओं द्वारा भ्रष्टाचार को खत्म करने की मुहिम शुरू की जानी चाहिए। देश के अधिकतर लोग भ्रष्टाचार की वजह से पीड़ित हैं। संकट की इस घड़ी में लॉक डाउन के दौरान भी भ्रष्टाचार और कालाबाजारी हो रही है। आम आदमी का शोषण किया जा रहा है। आदर्श समाज समिति इंडिया द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबू जगजीवन राम को नमन करते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम शुरू करने का संकल्प लिया गया है। इस मौके पर राजेंद्र कुमार, चाँदकौर, सुनील गांधी, रवि कुमार, सतीश कुमार, भतेरी, पिंकी, दिनेश, अमित आदि मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button