खेलकूदचुरूताजा खबर

जिला कलक्टर सत्यानी ने बढ़ाया वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियन निशा का हौसला

जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप गोल्ड मेडलिस्ट ने की जिला कलक्टर सत्यानी से शिष्टाचार भेंट,

जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी ने दी बधाई व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं,

जिला खेल अधिकारी प्रकाशराम गोदारा, रामरतन सिहाग रहे मौजूद

चूरू, आर्मेनिया में पिछले दिनों हुई जूनियर वर्ल्ड चैम्पियनशिप में गोल्ड मेडल लेकर देश का नाम रोशन करने वाली चूरू जिले के गांव भगेला की निशा गुलेरिया ने बुधवार को जिला कलक्टर पुष्पा सत्यानी से शिष्टाचार भेंट की। जिला कलक्टर सत्यानी ने निशा को मेडल पहनाकर सम्मान किया व बधाई दी। इस दौरान जिला खेल अधिकारी प्रकाश राम गोदारा, रामरतन सिहाग तथा निशा के पिता विनोद कुमार गुलेरिया भी मौजूद रहे। इस दौरान जिला कलक्टर सत्यानी ने कहा कि जिले की खेल प्रतिभाओं ने सम्पूर्ण विश्व में अपने हुनर का लोहा मनवाया है। यहां की खेल प्रतिभाओं ने ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्र का गौरव बढ़ाया है।

इस अवसर पर निशा ने जिला कलक्टर को अपनी खेल उपलब्धियों की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने उपलब्धियों की सराहना करते हुए खेल क्षेत्र में निरंतर नए आयाम स्थापित करने की मंगलकामनाएं की। इस अवसर पर रामरतन सिहाग ने निशा को नौकरी लग जाने तक खेल संबंधी तैयारियों के प्रतिमाह 10 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग के परिवारों के बच्चों को पर्याप्त सहयोग व सहायता नहीं मिल पाने से प्रतिभाएं वंचित रह जाती हैं। एक प्रतिभावान बच्चे के प्रतिभा से क्षेत्र ही नहीं सम्पूर्ण देश का गौरव बढ़ता है। निशा के परिवार के संघर्ष की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि निशा क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणा साबित होगी।

जिला खेल अधिकारी प्रकाश राम गोदारा ने जिला कलक्टर को स्टेडियम व खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने निशा की आर्थिक सहायता के लिए प्रतिमाह दस हजार रुपए देने की घोषणा के लिए रामरतन सिहाग की सराहना की। निशा ने बताया कि उनके पिता विनोद कुमार गुलेरिया एक कृषक हैं। वे तीन बहनें व एक भाई है। तीनों ही बहनें अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता हैं। निशा ने अब तक तीन स्वर्ण पदक जीते हैं। उन्होंने हाल ही में 24 नवंबर से 04 दिसंबर तक आर्मेनिया में आयोजित हुई जूनियर वर्ल्ड बॉक्सिंग चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल किया है। इससे पूर्व 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक कजाकिस्तान के अस्ताना में आयोजित हुई जूनियर एशियन चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक, मणिपुर इंफाल में आयोजित हुई नेशनल चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीते हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में सीकर में आयोजित स्कूल स्टेट प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया है। निशा वर्तमान में राजगढ़ के तोला कॉलेज में कला संकाय स्नातक प्रथम वर्ष में अध्ययनरत हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता के संघर्ष, कोच द्रोणाचार्य अवार्डी जगदीश सिंह व खिलाड़ी एवं उनकी मौसी अर्जुन अवार्डी कविता चहल को दिया है।

Related Articles

Back to top button