ताजा खबरसीकर

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को सीकर आए

भारत को शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए हर कोई आहुति दे :उपराष्ट्रपति धनखड़

सीकर, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि भारत पूरी दुनिया में ज्ञान का केंद्र था । 19वीं शताब्दी में स्वामी विवेकानंद ने भारत में शिक्षा के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि भारत को शिक्षा का केंद्र बनाने के लिए हर कोई अपनी आहुति दे। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शनिवार को शोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सिल्वर जुबली एनुअल फंक्शन में सम्बोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में उन्होंने वर्तमान में एज्युकेशन संस्थाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की सलाह दी। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि मेरी मान्यता है कि शिक्षण संस्थाओं को आर्थिक रूप से सबल होना चाहिए। उन्होंने कार्यक्रम में तकनीकी शिक्षा में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले साक्षी अग्रवाल, आदित्य शर्मा, किर्ति जैन, सरिता ढाका, अजय नरेरा,अभिलाषा शर्मा, अमन अली छात्र—छात्राओं को चैक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में तकनीकी एवं उच्च शिक्षा उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार लगातार विकास पथ पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को प्रभावशाली तरीके से लागू करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। बैरवा ने कहा कि आज तकनीकी शिक्षा का महत्व बहुत बढ़ा है एवं वर्तमान चुनौतियां जैसे जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा संकट, तकनीकी असमानताओं को आज की हमारी नवाचार एवं तकनीकी रूप से सशक्त पीढ़ी ही उभार सकती है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य, कृषि, सेवा एवं परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का महत्व बढ़ा है। उन्होंने नैनो तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा को बढ़ाने के लिए हमारी राज्य सरकार ने राष्ट्रीय आईआईटी संस्थानों की तर्ज पर तीन आईआईटी एवं 10 पॉलिटेक्निकल कॉलेज राजस्थान में खोलने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने तकनीकी शिक्षा को उभरती हुई तकनीकियों के साथ जोड़कर शिक्षा को नवाचार एवं गुणवत्तापूर्ण बनाया है।

समारोह में नगरीय विकास एवं स्वायत्त् शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि देश को 2047 तक विश्व का सबसे विकसित, समृद्ध , सशक्त एवं सबसे ज्यादा सामाजिक समरसता वाला देश बनाना है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है तथा देश ने विश्व भर में एक अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि जहां कुछ सालों पहले तक भारत हथियारों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर होता था वही आज भारत अन्य देशों को हथियार निर्यात कर रहा है। हमारे देश के वैज्ञानिकों ने कोरोना के समय के दौरान सबसे विश्वसनीय वैक्सीन बनाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हमारे वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित किया। राज्य मंत्री खर्रा ने कहा कि आने वाला समय तकनीकी विद्यार्थियों के लिए बहुत सुनहरा होगा।

कार्यक्रम से पूर्व तारपुरा हवाई पट्टी पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड के पहुंचने पर नगरीय विकास एवं स्वायत्त् शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा, पुलिस उप महानिरीक्षक सत्येन्द्र सिंह, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक भुवन भूषण यादव ने अगवानी की।

कार्यक्रम में पद्मश्री प्रहलाद अग्रवाल, चैयरमेन शोभासरिया ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, डॉ. घनश्याम अग्रवाल, कुंज बिहारी अग्रवाल, वाईस चैयरमेन जीपी अग्रवाला, ग्रुप प्राचार्य डॉ. एल सौलंकी,शोभासरिया कॉलेज प्राचार्या हर्षिता गर्ग, राज्य सभा सांसद घनश्याम तिवाडी, पूर्व सांसद सीकर स्वामी सुमेधानंद सरस्वती, भाजपा जिला अध्यक्ष कमल सिखवाल, सुरेश अग्रवाल, पन्ना लाल सारडा, कांताप्रसाद मोर, जगदीश चौकडीका, सीए सुनिल मोर सहित सोभासरिया इंजीनियरिंग महाविद्यालय के छात्र—छात्राए, जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें।

Related Articles

Back to top button